जबलपुर: पिछले 24 घंटों के भीतर अधारताल और बरगी थाना क्षेत्रों में अवैध वसूली और शराब के लिए पैसे न देने पर चाकूबाजी हुई। जिसमें दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।जानकारी अनुसार अधारताल थाना अंतर्गत विनोबा नगर निवासी आर्यन रजक (20) पर उसके परिचित फरहान और उसके साथियों ने हमला कर दिया।
आर्यन रात करीब 10 बजे अपने दोस्त शिवा के साथ माही मेडिकल के पास खड़े था तभी आरोपियों ने उनसे जबरन 1,000 रुपये की मांग की। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान फरहान के एक दोस्त ने चाकू से आर्यन की जांघ पर वार कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
इसी तरह बरगी थाना क्षेत्र के ग्राम चुरिया में भी चाकूबाजी हुई। सीमेंट फैक्ट्री में काम करने वाला राकेश बरकडे (34) से गांव के ही ओमकार सैय्याम ने शराब पीने के लिए 1,000 रुपये मांगे। राकेश द्वारा इंकार किए जाने पर उसने राकेश की पसली में चाकू घोंप दिया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला।
