इंदौर: शनिवार को महापौर ने निर्माणाधीन मनीषपुरी कॉलोनी सड़क का दौरा किया. इस दौरान काम की धीमी गति होने पर अधिकारियों को एक महीने में निर्माण कार्य खत्म करने के निर्देश दिए. साथ ही महापौर ने अंतिम चेतावनी देते हुए कहा है कि नहीं होने पर फिर कार्रवाई के लिए भी तैयार रहें.महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शनिवार सुबह मनीष पुरी क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर सड़क निर्माण, डामरीकरण, पेचवर्क और सफाई व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया.
इस दौरान मनीष पुरी सड़क का काम धीमी गति से चलने पर नाराजगी जाहिर की. उन्होंने अधिकारियों को 30 दिन में काम पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समय में काम पूरा नहीं हुआ तो निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा. साथ ही दीपावली के बाद सड़क के लोकार्पण की तारीख तय करने के आदेश दिए. शहर में डामरीकरण की धीमी रफ्तार पर महापौर ने असंतोष जताया. उन्होंने कहा कि गड्ढों और खराब सड़कों को प्राथमिकता से ठीक किया जाए.
पेचवर्क की गुणवत्ता का निरीक्षण करते हुए उन्होंने खराब काम पर नाराजगी जाहिर की. निरीक्षण के दौरान महापौर ने पानी की बर्बादी करने वालों को समझाइश दी. स्थानीय रहवासियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई. उन्होंने पानी का अनावश्यक उपयोग रोकने और उपलब्ध जल संसाधनों का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की अपील की. निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य राजेश उदावत, पार्षद पुष्पेंद्र पाटीदार, मुद्रा शास्त्री, अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर सहित जनकार्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे.
