जबलपुर: सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद एक युवती को प्रेम जाल में फंसाकर छत्तीसगढ़ में रहने वाला युवक लार्डगंज थाना अंतर्गत यादव कॉलोनी स्थित एक होटल में शादी का झांसा देकर उसकी आबरू लूटता रहा। पिछले चार साल से शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण कर रहा था। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, गढ़ा निवासी 30 वर्षीय युवती की मुलाकात चार साल पहले सोशल मीडिया के माध्यम से छत्तीसगढ़ निवासी एक युवक से हुई थी। बातचीत के दौरान युवक ने युवती को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। इसके बाद वह अक्सर युवती से मिलने जबलपुर आने लगा। आरोपी युवक ने लार्डगंज थाना अंतर्गत यादव कॉलोनी स्थित एक होटल में युवती को बुलाया। वहां उसने शादी का वादा कर युवती के साथ पहली बार शारीरिक संबंध बनाए।
इसके बाद जब भी वह जबलपुर आता, उसी होटल में युवती को बुलाकर उसका शोषण करता रहा। जब युवती ने उस पर शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। उसने शादी करने से साफ मना कर दिया। धोखा मिलने के बाद पीडि़ता लार्डगंज थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना बताई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
