इंदौर: आईडीए द्वारा निर्मित लव कुश चौराहे पर डबल डेकर फ्लाई ओवर ब्रिज की दूसरी भुजा का लोकार्पण 28 अक्टूबर को होगा. उक्त ब्रिज के लोकार्पण को लेकर आज प्रदेश के दो कबीना मंत्रियों ने मौका मुआयना किया. दूसरी भुजा का लोकार्पण मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा.आज मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और तुलसी सिलावट ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लव-कुश चौराहे पर स्थल निरीक्षण किया. दोनों मंत्रियों ने लोकार्पण व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में तैयारियां करने के निर्देश दिए. उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर विशाल डोम, मंच एवं बैठक व्यवस्था, बिजली, माइक-साउंड, लोकार्पण शिलालेख, एलईडी स्क्रीन, बैकड्रॉप, बसों, पेयजल एवं भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है,
पहली भुजा का लोकार्पण 23 जुलाई को किया था. इसके बाद अरबिंदो अस्पताल से बाणगंगा की ओर यातायात शुरू हो गया था. अब 28 अक्टूबर को बाणगंगा से अरविंदो हॉस्पिटल तक दूसरी भुजा का लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे. दूसरी भुजा शुरू होने से क्षेत्र में यातायात सुगम होगा। इससे उज्जैन रोड, सुपर कॉरिडोर, बाणगंगा और एमआर-10 की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी.
175 करोड़ में किया है निर्माण
आईडीए द्वारा लगभग 175 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित उक्त फ्लाई ओवर ब्रिज का निर्माण किया गया है. उक्त फ्लाई ओवर आधुनिक त्रिस्तरीय संरचना के लिए विशेष महत्व रखता है. इसमें सबसे नीचे सड़क यातायात, मध्य में इंदौर मेट्रो कॉरिडोर तथा सबसे ऊपर स्तर पर डबल डेकर फ्लाईओवर है. इस दौरान विधायक रमेश मेंदोला, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, आईडीए सीईओ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.
