खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, कई प्रतिष्ठानों से लिए खाद्य नमूने

इंदौर: खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर ने प्राप्त शिकायतों के आधार पर शुक्रवार को विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए. नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक मनोज पुष्प ने इंदौर भ्रमण के दौरान ओम नमकीन और आकाश नमकीन निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया. विभाग के अनुसार, दोनों इकाइयों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं.

विभागीय टीम ने अंजनी नगर, एयरपोर्ट रोड स्थित कर्णावत पान भोजन प्रसादी से आलू, गिलकी, तुवर दाल, पनीर मसाला, सोयाबीन तेल और धनिया पाउडर के छह नमूने लिए. वहीं, सिलावटपुरा स्थित जैन श्वेतांबर शिव भंडार से नमकीन मिक्सचर और बूंदी के नमूने संग्रहित किए गए. अमृतसरी नान ढाबे से पनीर और दाल मखनी तथा सांवेर स्थित राजा चाट भंडार से पानीपुरी के पानी और आलू मसाले के नमूने लिए गए। दोनों प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई और खाद्य स्वच्छता के मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए. सांवेर रोड स्थित सोनू वेफर्स (मेसर्स मोहनलाल दौलतराम ट्रेडर्स) से आलू चिप्स और फलाहारी वेफर्स के नमूने लिए गए.

निरीक्षण के दौरान आलू चिप्स के पैकेट पर वर्तमान खाद्य अनुज्ञप्ति के साथ वर्ष 2019 में वैधता समाप्त हो चुके पुराने खाद्य पंजीयन का नंबर भी अंकित मिला. इस संबंध में प्रतिष्ठान को सुधार सूचना पत्र जारी करने की कार्रवाई की जा रही है. मुसाखेड़ी स्थित श्रीराम किराना का भी शिकायत के आधार पर निरीक्षण किया गया. विभाग ने संबंधित शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी दी. कुछ शिकायतकर्ताओं ने कार्रवाई पर संतुष्टि जताई. खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार, सभी संबंधित नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई जारी रहेगी.

Next Post

नवाचार किसी देश तक सीमित न रहे : राधाकृष्णन

Sat Oct 24 , 2026
नयी दिल्ली,(वार्ता) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा है कि नवाचार और नयी प्रौद्योगिकियों का लाभ पूरी मानवता को मिलना चाहिए और यह ज्ञान किसी एक देश तक सीमित नहीं रहना चाहिए। श्री राधाकृष्णन ने शुक्रवार को उपराष्ट्रपति भवन में अनिल के. एंटनी की पुस्तक ‘एडवांटेज इंडिया : रिशेपिंग द […]

You May Like