
जबलपुर। गोलबाजार में बिजली विभाग के कॉम्पैक्ट सबस्टेशन का ताला खोलकर अंदर से कीमती कॉपर वायर और एमसीबी चोरी कर भाग रहे एक शातिर चोर को बिजली कर्मियों ने घेराबंदी कर रंगे हाथ दबोच लिया। लॉर्डगंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने बताया कि विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर निर्मल कुमार यादव ने लार्डगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके अधीनस्थ कर्मचारी लाइन परिचारक प्रमोद सौंधिया, आउटसोर्स कर्मी अक्षय रजक और शिवकुमार कचेर शासकीय कार्य से गोलबाजार होते हुए दमोह नाका की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 10:30 बजे जब वे एमएच हाउस के पास पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि वहां स्थित बिजली विभाग के कॉम्पैक्ट सबस्टेशन का ढक्कन खुला हुआ था। जैसे ही कर्मचारी ढक्कन बंद करने आगे बढ़े, उन्हें अंदर हलचल महसूस हुई
कर्मचारियों ने देखा कि सबस्टेशन के भीतर एक युवक कटर और औजारों की मदद से कीमती कॉपर के अर्थिंग व अन्य वायर काट रहा था। उसने वहां लगी एमसीबी भी उखाड़ ली थी और पूरा सामान समेटकर भागने ही वाला था। चोरी गए इस शासकीय सामान की कीमत लगभग 10,000 है। बिजली विभाग के तीनों कर्मचारियों ने आरोपी को चारों तरफ से घेरकर मौके पर ही पकड़ लिया। कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना जूनियर इंजीनियर निर्मल कुमार यादव को दी। पूछताछ करने पर पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम श्याम चौधरी निवासी चेरीताल, बताया। जिसके बाद आरोपी श्याम चौधरी को पकडक़र सीधे लॉर्डगंज थाने ले जाया गया । पुलिस ने बिजली विभाग की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
