रीवा : सीएम हेल्पलाइन में पहुंची शिकायतों का निराकरण करने के मामले में रीवा जिला प्रदेश की सूची में 3 स्थान नीचे खिसक कर 20वें स्थान पर पहुंच गया है। पिछले माह रीवा जिला इस मामले में प्रदेश में 17वें स्थान पर था।
13048 शिकायतें दर्ज, 81.76 अंक हासिल
बताया गया है कि सितंबर माह में जिले की 13048 शिकायतें सीएम हेल्पलाइन में दर्ज कराई गई थी। जिसका निराकरण कर जिले ने 100 में से 81.76 वेटेज अंक हासिल किया।
संतुष्टि के साथ बंद कराई गई शिकायतों में जिले को 47 अंक मिले। इसके लिए 60 वेटेज अंक निर्धारित किए गए थे। इसके अलावा 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों के मामले में जिले को 20 में से 14.89 वेटेज अंक मिले। इतना ही नहीं निम्न गुणवत्ता की शिकायतों को बंद कराने पर 10 में से 9.94 अंक जिले ने प्राप्त किए। जबकि नॉट अटेंडेड शिकायतों में जिले को 10 वेटेज अंक में से 9.93 अंक मिले। इस तरह जिले ने 100 में से कुल 81.76 अंक हासिल किए।
विभागों की उदासीनता बनी कारण
गौरतलब है कि हर सप्ताह इस मामले की समीक्षा की जाती है। इसके बावजूद जिले के कुछ विभाग सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण करने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। यही वजह है कि जिला इस मामले में पिछड़ा हुआ है।
एक पायदान नीचे आया मऊगंज जिला
सीएम हेल्पलाइन के मामले में मऊगंज जिला भी एक पायदान नीचे खिसक गया है। पिछले माह छोटे जिलों की सूची में यह जिला प्रदेश में 14वें स्थान पर था। लेकिन इस माह प्रदेश में 15वें स्थान पर पहुंच गया है।
बताया गया है कि सितंबर माह में मऊगंज जिले की 3302 शिकायतें सीएम हेल्पलाइन में दर्ज कराई गई थी। जिनका निराकरण कर इस जिले ने 100 में से 81.09 वेटेज अंक हासिल किए।
