चितरंगी :विकासखंड चितरंगी क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, अधिक बिजली बिल तथा खाद-बीज की समस्याओं को लेकर आज गुरुवार को चितरंगी मुख्यालय में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।युवा नेता लक्ष्मण सिंह बैस के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री के नाम ज्ञापन उपखण्ड अधिकारी देवेंद्र द्विवेदी को सौंपा गया। धरना-प्रदर्शन में बिजली उपभोक्ताओं, किसानों, युवाओं और बिजली सुविधा से वंचित परिवारों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली और कृषि संबंधी समस्याएं बनी हुई हैं, जिससे आम नागरिकों और किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने, लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने की मांग की गई।
समस्याओं के निराकरण के लिए प्रशासन से लगाई गुहार
धरना-प्रदर्शन के माध्यम से बिजली आपूर्ति में सुधार, खराब ट्रांसफार्मरों को समय पर बदलने, बिजली से वंचित परिवारों तक कनेक्शन पहुंचाने, कृषि पंपों के कनेक्शन की जांच, खाद-बीज की उपलब्धता, धान खरीदी के लिए किसानों का पंजीयन तथा भूमि के सिंचित-असिंचित वर्गीकरण की समीक्षा सहित विभिन्न मांगें प्रशासन के समक्ष रखी गईं। इधर समाजसेवी एवं युवा नेता लक्ष्मण सिंह बैस ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए जनता को एकजुट होकर अपनी आवाज उठानी होगी। बिजली और कृषि से जुड़ी समस्याएं सीधे आम नागरिकों तथा किसानों के जीवन को प्रभावित करती हैं। उन्होंने संबंधित विभागों से मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की। इस दौरान रामाधार सिंह, भूपेंद्र कुमार, देवेंद्र, पुष्पेंद्र, महेंद्र, जागेश्वर पाल सहित सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
