
जबलपुर। शहर में पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। महाकौशल क्षेत्र में फिल्म सिटी विकसित करने और जबलपुर को उसका मुख्यालय बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। बियॉन्ड स्टूडियो के संचालक और उनकी टीम द्वारा यहां स्टूडियो प्रारंभ करना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्टूडियो द्वारा मां नर्मदा पर फिल्म बनाने की योजना है, जिसकी शूटिंग जल्द शुरू करने की तैयारी है.
इसके बाद वीरांगना रानी दुर्गावती पर भी फिल्म बनाने की योजना है। यह बातें लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने सोमवार को नेपियर टाउन में बियॉन्ड स्टूडियो का उद्घाटन करते हुए कहीं। मंत्री श्री सिंह ने इस पहल के लिए टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इससे जबलपुर में पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू भी उपस्थित थे।
