एमवाय अस्पताल में शुरू हुआ पीईटी-सीटी स्कैन सेंटर, कैंसर मरीजों को मिलेगी राहत

इंदौर :शासकीय एमवाय अस्पताल के नए कैंसर भवन में अत्याधुनिक पीईटी-सीटी स्कैन सेंटर शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इसका शुभारंभ किया। सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत श्री अरबिंदो अस्पताल के सहयोग से शुरू हुई इस सुविधा से कैंसर की पहचान और बीमारी के फैलाव का पता लगाने में मदद मिलेगी। इससे मरीजों को जांच के लिए दूसरे शहरों में जाने की जरूरत कम होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इंदौर के अलावा भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और रीवा के मेडिकल कॉलेजों में भी ऐसे जांच केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान होने से मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकता है।

श्री अरबिंदो अस्पताल के प्रमुख डॉ. विनोद भंडारी ने बताया कि अगले तीन महीनों में एमवाय अस्पताल परिसर में रोबोटिक सर्जरी केंद्र शुरू करने की योजना है। मुख्यमंत्री ने पीईटी-सीटी स्कैन केंद्र का निरीक्षण कर चिकित्सकों से आधुनिक मशीनों की कार्यप्रणाली की जानकारी भी ली।

कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक महेंद्र हार्डिया, मधु वर्मा, रमेश मेंदोला और गोलू शुक्ला सहित वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक और चिकित्सा विद्यार्थी मौजूद रहे।

Next Post

दुर्गा पंडाल आई युवती से मारपीट कर धर्म परिवर्तन की धमकी, आरोपी जेल में

Sun Oct 18 , 2026
वैक्टनगर:मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले जैतहरी थाना अंतगर्त वेंकटनगर चौकी क्षेत्र में दुर्गा पंडाल में पूजा करने गई युवती ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर मारपीट, गाली-गलौज करने और धर्म परिवर्तन के लिए धमकी देने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने शनिवार को प्रकरण पंजीबद्ध […]

You May Like