रीवा: विद्युत विभाग के पूर्व संभाग के अंतर्गत आने वाले गुढ़, गोविंदगढ़, मनिकवार, बदरांव, रायपुर एवं मंगावन क्षेत्रों में विभागीय टीमों द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.अभियान के दौरान अवैध रूप से विद्युत उपयोग करने वालों के विरुद्ध पंचनामा बनाकर विद्युत चोरी का प्रकरण दर्ज किया जा रहा है. साथ ही वर्षों से विद्युत बिल का भुगतान नहीं करने वाले बकायादारों से वसूली हेतु कुर्की की कार्यवाही की जाएगी, जिसके लिए संबंधित उपभोक्ताओं को नोटिस के माध्यम से सूचित किया गया है.
इस संबंध में कार्यपालन अभियंता सुशील यादव ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि जिनका विद्युत बिल बकाया है, वे शीघ्र भुगतान करें और कुर्की जैसी कार्यवाही से बचें. नवरात्रि पर्व के अवसर पर सभी दुर्गा उत्सव समितियों से अनुरोध है कि विधिवत अस्थाई कनेक्शन लेकर ही विद्युत का उपयोग करें एवं पंडाल में सुरक्षित विद्युत व्यवस्था रखें. क्षेत्र में अधिकारियों के द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. सभी स्लिप पंप उपभोक्ताओं से अपील है कि अस्थाई विद्युत कनेक्शन लेकर ही पंप का उपयोग करें, अन्यथा विद्युत चोरी का प्रकरण दर्ज किया जाएगा.
