रेलवे की माल ढुलाई सितंबर में 6.14 प्रतिशत बढ़ी

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय रेलवे ने गत सितंबर 13 करोड़ टन से अधिक माल ढुलाई की जो एक साल पहले की तुलना में 6.14 प्रतिशत अधिक है। रेल मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि अनाज, क्लिंकर और घरेलू कंटेनर में दहाई अंक की वृद्धि दर के कारण सकल माल ढुलाई बढ़ी है। यह अर्थव्यवस्था के प्रमुख क्षेत्रों में रेल परिवहन की निरंतर मांग को रेखांकित करता है। जारी आंकड़ों के अनुसार, भारतीय रेलवे ने सितंबर 2026 में 13.54 करोड़ टन माल की ढुलाई की, जबकि सितंबर 2025 में यह आंकड़ा 12.75 करोड़ टन रहा था। इस प्रकार, पिछले साल के इसी महीने की तुलना में इसमें 6.14 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि यह आंकड़ा इस साल अगस्त के मुकाबले कम है। अगस्त में रेलवे ने 13.79 करोड़ टन माल ढुलाई की थी।

अनाज की ढुलाई में सितंबर में 25 प्रतिशत, क्लिंकर में 20 प्रतिशत, घरेलू कंटेनर में 10 प्रतिशत, कोयले में नौ प्रतिशत, अन्य सामान में 8.2 प्रतिशत, खनिज तेल में छह प्रतिशत, तैयार इस्पात में 5.5 प्रतिशत और लौह अयस्क की ढुलाई में 5.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

रेलवे ने सितंबर 2026 के दौरान बिजली घरों को घरेलू कोयले की आपूर्ति बढ़ाई। प्रतिदिन आपूर्ति किए जाने वाले कोयला रेक की औसत संख्या बढ़कर 443 हो गई। सितंबर 2025 में यह संख्या 397 थी। इसमें 11.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।माल ढुलाई से होने वाली आय गत सितंबर में एक साल पहले के मुकाबले 1,266 करोड़ रुपये (9.3 प्रतिशत) बढ़ी।

रेलवे ने बताया कि चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में अप्रैल से सितंबर तक कुल माल ढुलाई 83.37 करोड़ टन हो गई। यह पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 4.1 प्रतिशत अधिक है। इसी अवधि में माल ढुलाई से होने वाली आय में भी 3.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

.....

Next Post

'ब्रेकिंग बैड' फेम अभिनेता आरजे मिटे का 34 वर्ष की आयु में निधन

Tue Oct 13 , 2026
लॉस एंजिल्स, 13 अक्टूबर (वार्ता) चर्चित वेब सीरीज ‘ब्रेकिंग बैड’ में ड्रग किंगपिन वॉल्टर व्हाइट के पुत्र की भूमिका निभाने वाले अमेरिकी अभिनेता आरजे मिटे का सोमवार को टेक्सस के ब्राउनविले में 34 वर्ष की आयु में निधन हो गया। बीबीसी के अनुसार उनके प्रतिनिधि ने बयान में कहा, “अत्यंत […]

You May Like

Play sound