नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (वार्ता) भारत ने मध्य अमेरिकी देश कोस्टा रिका की राजधानी सैन होजे में अपना नया रेजिडेंट मिशन शुरू कर दिया है, जिससे मध्य अमेरिका में भारत की राजनयिक पहुंच बढ़ेगी और कोस्टा रिका के साथ राजनीतिक, व्यापारिक और आर्थिक संबंधों को मजबूती मिलेगी।
विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि सैन होजे स्थित भारतीय मिशन से दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने में मदद मिलेगी। साथ ही, राजनीतिक संपर्क मजबूत होंगे और क्षेत्रीय तथा बहुपक्षीय मुद्दों पर कोस्टा रिका के साथ संवाद बढ़ेगा। नया मिशन कोस्टा रिका में रहने वाले भारतीय नागरिकों और भारतीय समुदाय को बेहतर राजनयिक तथा कांसुलर सहायता उपलब्ध कराने के साथ उनके हितों की रक्षा में भी मदद करेगा। इससे दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के अवसर भी मिलेंगे।

