
रीवा, अग्रसेन जयंती महोत्सव को लेकर रविवार को अग्रवाल समाज द्वारा महाराजा अग्रसेन की भव्य शोभा यात्रा गाजे-बाजे के साथ शहर में निकाली गई. अग्रवाल समाज भवन स्थित मंदिर में पहले महाराजा अग्रसेन एवं कुलदेवी माता लक्ष्मी की पूजा अर्चना की गई. इसके बाद शोभा यात्रा शुरू हुई. शोभा यात्रा का शुभारंभ अग्रवाल समाज के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने किया.
शोभायात्रा में महाराजा अग्रसेन अपने भव्य रथ पर 18 पुत्रों के साथ विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकले. विशाल जुलूस में अग्रबन्धुओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही. आतिशबाजी, जयकारों और उत्सवमय वातावरण ने पूरे आयोजन को आकर्षक बना दिया. मार्ग में विभिन्न स्थानों पर अग्रबन्धुओं एवं समाज के लोगों ने महाराजा अग्रसेन की पूजा-अर्चना कर स्वागत किया तथा मृगनयनी चौक में शिवबारात जनकल्याण समिति एवं वैश्य महासम्मेलन रीवा के मनीष गुप्ता, बंसीलाल साहू आदि पदाधिकारियों ने शोभायात्रा का स्वागत किया एवं पूजा अर्चना की. श्रद्धा के साथ उनका आशीर्वाद प्राप्त किया. समाज की बच्चियों ने सुनयना अग्रवाल के नेतृत्व में पूरे शोभायात्रा में गरबा डांडिया के नृत्य से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया. इस अवसर पर अग्रवाल समाज अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है. ऐसे आयोजन समाज के लोगों को एक सूत्र में बांधते हैं. शोभायात्रा में मध्य प्रदेश अग्रवाल महिला महासभा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती मीना बंसल, नूतन अग्रवाल, गणेश प्रसाद अग्रवाल, अजय अग्रवाल, सनी अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, कैलाश चंद्र अग्रवाल, योगेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे.
सामाजिक एकता के साथ देखने को मितला उत्साह
शोभायात्रा अग्रवाल समाज भवन से प्रारंभ होकर स्टेच्यू चौराहा,प्रकाश चौराहा, अस्पताल चौराहा, कला मंदिर,स्वागत भवन, शिल्पी प्लाजा, अग्रसेन चौक और साईं मंदिर होते हुए पुन: अग्रवाल समाज भवन पहुंचकर संपन्न हुई. पूरे मार्ग में सामाजिक एकता, उत्साह और महाराजा अग्रसेन जी के प्रति श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला. महाराजा अग्रसेन ने समाजवाद, समानता, सहयोग और परस्पर सद्भाव का संदेश दिया.
