जबलपुर: मक्का खरीदी के नाम पर एक किसान के साथ 6 लाख 91 हजार की धोखाधड़ी हुई। सुहागी पुरानी बस्ती निवासी किसान शुभम कुर्मी ने अधारताल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसने अपने मौसा मुकेश पटेल की मध्यस्थता में शहपुरा के ग्राम हरदुआ निवासी राजा सिंह लोधी को 1650 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से कुल 620 क्विंटल मक्का बेचा था, जिसकी कुल कीमत 10 लाख 23 हजार रुपये तय हुई थी।
आरोपी राजा सिंह लोधी ने 2,01,000 नगद एडवांस देकर 20 और 23 फरवरी को दो किस्तों में पूरा मक्का ट्रकों में भरवाकर उठवा लिया और शेष राशि दो दिन में देने का वादा किया। इसके बाद पीड़ित द्वारा लगातार पैसे मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और काफी दबाव बनाने के बाद उसने शुभम के बैंक ऑफ इंडिया खाते में फोन-पे और अन्य माध्यमों से किस्तों में केवल 1 लाख 30 हजार 910 रुपये ही भेजे। इस तरह कुल तय राशि में से आरोपी ने अब तक सिर्फ 3 लाख 31 हजार 910 रुपये का ही भुगतान किया है और बाकी के 6 लाख 91 हजार 90 रुपये बेईमानी की नीयत से हड़प लिए हैं।
