फर्जी पासपोर्ट रैकेट में बौद्ध भिक्षु जबलपुर से गिरफ्तार

ग्वालियर। बांग्लादेशी नागरिकों के नाम पर फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले अंतरराज्यीय सिंडिकेट पर शिकंजा कसते हुए स्पेशल टास्क फोर्स ने बौद्ध भिक्षु गुलाब राय गौतम उर्फ सम्यक बोधि उर्फ भंते को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

एसटीएफ की जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी महज 10 हजार रुपये महीने के लालच में इस सिंडिकेट से जुड़ा था। उसने अपना भारतीय स्टेट बैंक का खाता गिरोह के मास्टरमाइंड रियाज चौधरी उर्फ भंते मैतानंद को इस्तेमाल के लिए दे रखा था। यह खाता वर्ष 2021-22 में विदिशा शाखा में खोला गया था। खाते में मास्टरमाइंड का मोबाइल नंबर दर्ज था और हर महीने उसे 10 हजार रुपये मिलते थे।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने 50 से अधिक फर्जी पासपोर्ट के मामलों में गवाह बनकर बांग्लादेशी नागरिकों को भारतीय नागरिक साबित करने में मदद की। सिंडिकेट ने मध्यप्रदेश में करीब 70 जाली पासपोर्ट तैयार कराए थे, जिनमें से लगभग 50 में गुलाब राय मुख्य गवाह था। उसने बौद्ध मठों के पते का इस्तेमाल कर दस्तावेजों पर गवाही दी थी, जबकि आवेदनों में दिए गए मोबाइल नंबर भी गिरोह से जुड़े लोगों के थे।

एसटीएफ के अनुसार आरोपी की भूमिका केवल गवाही तक सीमित नहीं थी। उसने अपने संपर्कों का इस्तेमाल कर ग्याप्रसाद गौतम उर्फ ज्ञानज्योति जैसे अन्य लोगों को भी नेटवर्क से जोड़ा, जिन्होंने भी फर्जी दस्तावेजों पर गवाही दी।

मठों की पहचान का उठाया फायदा, बिलासपुर में छिपा था

आरोपी मूल रूप से झांसी का रहने वाला है। मध्यप्रदेश में ग्वालियर, विदिशा और भोपाल के बौद्ध विहारों में उसकी अच्छी पहचान थी। इसी संपर्क का फायदा उठाकर वह सिंडिकेट में शामिल हुआ। मामले का खुलासा होने के बाद वह विदिशा जाने की बात कहकर फरार हो गया था।

एसटीएफ ने उस पर 20 हजार का इनाम घोषित किया था। वह बिलासपुर स्थित एक मठ में छिपकर रह रहा था। टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी थी और रविवार को उसे पकड़ लिया गया।

गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस के सामने शिकायत की थी कि रियाज चौधरी ने उसके बैंक खाते से पैसे निकाल लिए हैं, लेकिन एसटीएफ को शक था कि वह ठिकाना बदलकर बचने की कोशिश कर रहा है। अब गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है।

Next Post

एसआईआर की खामियों के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा- कांग्रेस

Sun Oct 11 , 2026
नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की दोषपूर्ण प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस नेता राहुल […]

You May Like