भोपाल: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भोपाल की ओर से संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज, बैरागढ़ में शुक्रवार को विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के सचिव सुनीत अग्रवाल ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी. उन्होंने छात्राओं के सवालों के जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया.
साथ ही जरूरतमंद लोगों को मिलने वाली नि:शुल्क कानूनी सहायता के बारे में बताया. पीएलवी दिनेश शर्मा ने हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि साइबर फ्रॉड की शिकायत के लिए 1930, नि:शुल्क कानूनी सहायता के लिए 15100 और आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112 पर संपर्क किया जा सकता है. कार्यक्रम में कॉलेज के प्रबंध संचालक हीरो ज्ञानचंदानी सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में छात्राओं ने इसमें भाग लिया.
