गुना: जिला अस्पताल स्थित जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (में शुक्रवार को सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और प्रचार-प्रसार को लेकर दिव्यांगजन बुरी तरह नाराज नजर आए और उन्होंने अभियान के बहिष्कार की चेतावनी तक दे डाली।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे। दिव्यांगजनों ने भाजपा नेताओं के सामने कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि यह पूरा आयोजन केवल कागजी खानापूर्ति बनकर रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में 14 हजार से अधिक दिव्यांगजन होने के बावजूद न तो सार्वजनिक रूप से कोई सूचना दी गई, न ही इसका कोई प्रचार-प्रसार किया गया और न ही समाचार पत्रों में कोई जानकारी प्रकाशित की गई। केवल 10-15 दिव्यांगों को बुलाकर फोटो खिंचवाकर औपचारिकता पूरी कर दी गई।
दिव्यांगजनों ने बताया कि शासकीय गाइडलाइन के अनुसार शिविरों के माध्यम से कौशल विकास, स्वरोजगार व रोजगार के अवसर, सहायक उपकरणों का वितरण, खेल-सांस्कृतिक गतिविधियां, प्रतिभा सम्मान और दिव्यांगजनों द्वारा निर्मित सामग्री की प्रदर्शनी जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तावित थे, जिनमें से कुछ भी धरातल पर नजर नहीं आया।
कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग मलखान सिंह यादव ने इस व्यवस्था का खुलकर विरोध किया। बाद में मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा आगे से ऐसी गलतियां न दोहराने का आश्वासन दिए जाने के बाद मामला शांत हुआ।
