सतना: मझगवां थाना क्षेत्र में मिचकुरिन घाटी के पास गुरुवार तड़के हुए सड़क हादसे में एक 20 वर्षीय श्रद्धालु की मौत हो गई। मैहर जा रहे श्रद्धालुओं को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल ललित यादव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल दो अन्य लोगों का उपचार जारी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा गुरुवार सुबह करीब 4 बजे मिचकुरिन घाटी के पास हुआ। मैहर की ओर जा रहे श्रद्धालुओं को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही मझगवां थाना प्रभारी आदित्य नारायण धुर्वे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों घायलों को तत्काल मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां ललित यादव की हालत गंभीर होने के कारण उनका उपचार किया जा रहा था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घायलों का हुआ उपचार
मृतक ललित यादव उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के नारायणपुर के रहने वाले थे। हादसे में उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजन मझगवां पहुंच गए। वहीं, अन्य दो घायलों को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।
तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने के साथ वाहन की पहचान के प्रयास कर रही है।
