खिलचीपुर। स्थानीय फलौदी सुपर बाजार में बुधवार को आग लगने के बाद कुछ लोगों ने नगर पालिका कार्यालय के गेट पर ताला लगा दिया था. गुरुवार को नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों ने थाने पहुंचकर ताला लगाने वाले लोगों पर प्रकरण की मांग की. कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि गुरुवार को मामला दर्ज नहीं हुआ तो 9 अक्टूबर से नगर पालिका की सभी शाखाओं के कर्मचारी सामूहिक हड़ताल पर जाएंगे. नगर पालिका कर्मचारियों ने थाना प्रभारी कमल सिंह गेहलोत को आवेदन दिया है. इसमें कहा गया है कि 7 अक्टूबर को सुबह करीब 10.15 बजे नगर पालिका कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया था. इससे कार्यालय का कामकाज प्रभावित हुआ. आवेदन में संबंधित लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज करने की मांग की गई है.
करीब डेढ़ बजे खुलवाया गया ताला
नगर पालिका के लेखापाल रामलाल मालवीय ने बताया कि कार्यालय के गेट पर ताला लगाए जाने के बाद करीब डेढ़ बजे टीआई ने ताला खुलवाया. इस दौरान कार्यालय का काम प्रभावित हुआ. मालवीय ने बताया कि ताला लगाने के मामले में संबंधित लोगों के नाम आवेदन में दिए गए हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि करीब 10 से 12 लोग भीड़ को नगर पालिका कार्यालय तक लेकर आए. कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया. नगर पालिका कर्मचारियों ने इन्हीं लोगों के खिलाफ स्नढ्ढक्र दर्ज करने की मांग की है.
नहीं हुई तो हड़ताल की चेतावनी
नगर पालिका कर्मचारियों के आवेदन में कहा गया है कि यदि संबंधित लोगों के खिलाफ तत्काल प्रकरण दर्ज नहीं किया जाता है तो 9 अक्टूबर से सभी शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी सामूहिक हड़ताल पर जाएंगे. इसमें स्वच्छता, विद्युत, जलप्रदाय और कार्यालयीन कार्य से जुड़े कर्मचारी भी शामिल होंगे. आवेदन में कहा गया कि ऐसी स्थिति के लिए निकाय कर्मचारी जिम्मेदार नहीं होंगे.
