नागपुर, 20 अगस्त (वार्ता) महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में पिछले पांच दिनों में मूसलाधार बारिश, बाढ़ और बिजली गिरने की घटनाओं में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गयी है।
विदर्भ में आज लगातार दूसरे दिन मूसलाधार बारिश जारी रही, जिससे पूरे क्षेत्र में बाढ़ और बिजली गिरने की घटनाएं हुयीं।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को चंद्रपुर के लिए अत्यधिक भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट और विदर्भ के अन्य आसपास के जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
क्षेत्रीय मौसम विभाग (आरएमडी) ने चंद्रपुर के लिए रेड अलर्ट और आसपास के जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गढ़चिरौली, ब्रह्मपुरी और कई अन्य इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। बारिश संबंधित घटनाओं में यवतमाल में दो लोगों की मौत हो गयी है। इनमें से एक बिजली गिरने से और दूसरी बाढ़ में डूबने के कारण हुयी है।
इसी तरह, नागपुर, वाशिम, बुलढाणा, अमरावती, भंडारा और अकोला में एक-एक व्यक्ति की मौत हुयी। नागपुर में मंगलवार तड़के तीन-चार घंटों के भीतर मूसलाधार बारिश होने से 91.4 मिमी बारिश दर्ज की गयी। इससे निचले इलाकों में बाढ़ आ गई और कई घरों में पानी घुस गया।
