जिनेवा, 08 अक्टूबर (वार्ता) विश्व स्वास्थ्य संगठन ने रूस के इरकुत्स्क शहर में गंभीर निमोनिया के कारण एक प्रयोगशाला कर्मी की मौत के मामले में रूसी अधिकारियों से अतिरिक्त जानकारी मांगी है। संगठन का कहना है कि घटना को लेकर आ रही परस्पर विरोधी रिपोर्टों का स्पष्टीकरण मिलने तक संभावित जन स्वास्थ्य जोखिम का पूर्ण आकलन कर पाना संभव नहीं है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस अधानॉम गेब्रेयेसस ने बताया कि मीडिया रिपोर्टों में चिंता जताई गई थी कि इरकुत्स्क एंटीप्लेग रिसर्च इंस्टीट्यूट में काम करने वाली 28 वर्षीय लैब असिस्टेंट दारिया शिपिलोवा की 2 अक्टूबर को गंभीर निमोनिया से मौत हो गई थी, जो संभवतः लैब में एक्सपोजर के बाद न्यूमोनिक प्लेग के कारण हुई थी। डब्ल्यूएचओ ने यह भी कहा है कि अज्ञात कारणों से निमोनिया से पीड़ित एक दूसरे कर्मचारी की रिपोर्ट भी सामने आई है।
डब्ल्यूएचओ प्रमुख ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि एजेंसी ने रूसी अधिकारियों से मृतक कर्मचारी के प्रयोगशाला परीक्षणों, सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों का आधार और संपर्क में आए लोगों की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति के संबंध में विस्तृत ब्योरा मांगा है।
उन्होंने बताया कि डब्ल्यूएचओ ने तीन अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य नियमों के तहत रूस से संपर्क किया था। इसके जवाब में रूस ने मंगलवार को बताया कि इरकुत्स्क क्षेत्र में हाल में प्लेग का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है, जबकि संपर्क में आए लगभग 200 लोगों को क्वारंटाइन या चिकित्सा निगरानी में रखा गया था और उनकी रिपोर्टों में कोई उच्च जोखिम वाला रोगजनक नहीं पाया गया है।
हालांकि, डब्ल्यूएचओ ने कहा कि स्थिति की स्पष्टता के लिए पारदर्शी और पूर्ण जानकारी का आदान-प्रदान आवश्यक है। संगठन ने दूसरे कर्मचारी के अज्ञात निमोनिया से पीड़ित होने की रिपोर्टों की पुष्टि किए जाने को कहा है।
जिनेवा में मीडिया से बात करते हुए डब्ल्यूएचओ की वरिष्ठ अधिकारी मारिया वान केरखोव ने कहा, “हम सटीक रूप से नहीं जानते कि इस व्यक्ति की मृत्यु कैसे हुई। हम जानते हैं कि उसे निमोनिया था और यह एक घातक मामला था, लेकिन उपलब्ध जानकारी जोखिम के पूर्ण आकलन के लिए अपर्याप्त है।”
डब्ल्यूएचओ ने रूस को प्लेग, प्रयोगशाला जैव-सुरक्षा के क्षेत्र में तकनीकी सहायता की पेशकश की है। श्री टेड्रोस ने इस बात पर जोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य नियमों के तहत समय पर और पारदर्शी जानकारी साझा करना यह निर्धारित करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है कि क्या इस घटना से किसी व्यापक जन स्वास्थ्य को खतरा है या नहीं।

