पुरस्कारों से सम्मानित हुए रेलकर्मी

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे में 14 से 30 सितंबर तक आयोजित राजभाषा पखवाड़ा-2026 का समापन बुधवार को महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह के मुख्य आतिथ्य में हुआ। समारोह में राजभाषा पुरस्कार वितरण के साथ कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। महाप्रबंधक ने कहा कि हिंदी की सरलता, सहजता और समावेशी प्रकृति देश को एक सूत्र में जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से दैनिक शासकीय कार्यों में अधिकाधिक हिंदी का प्रयोग करने का आह्वान किया। उत्कृष्ट राजभाषा कार्य के लिए सामान्य प्रशासन विभाग को अंतर विभागीय राजभाषा शील्ड, इंजीनियरिंग विभाग को अंतर विभागीय राजभाषा ट्रॉफी तथा सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाना भोपाल को अंतर कारखाना राजभाषा शील्ड प्रदान की गई। इसके अलावा मुख्यालय, तीनों मंडलों, कारखानों और अन्य कार्यालयों के 25 अधिकारियों एवं 49 कर्मचारियों को नकद पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कवि सम्मेलन ने बांधा समा 

समारोह में मुख्य राजभाषा अधिकारी सह प्रमुख मुख्य इंजीनियर आशुतोष ने राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कवि सम्मेलन रहा, जिसमें देवास के शशिकांत ‘शशि’, कटनी के मनोहर मनोज, बिलासपुर के प्रो. डॉ. राजेंद्र मौर्य, बालाघाट के राजेंद्र शुक्ला ‘सहज’, सागर के सचिन ‘भारत’, शामगढ़ की मुस्कान खान, भोपाल की संगीता ‘सरल’ और राकेश मालवीया ‘प्रखर’ ने गीत, हास्य-व्यंग्य और काव्य प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। प्रस्तुतियों पर सभागार में लगातार तालियां गूंजती रहीं। समारोह में अपर महाप्रबंधक एवं प्रमुख मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता एकनाथ मोहकर सहित विभागाध्यक्ष, महिला कल्याण संगठन के पदाधिकारी, पुरस्कार विजेता अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में रेलकर्मी मौजूद रहे।

Next Post

इंजन से धुआं उठा, लगाना पड़ा इमरजेंसी ब्रेक

Thu Oct 8 , 2026
जबलपुर। गोरखपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनस जा रही 22537 कुशीनगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के इंजन से अचानक धुआं उठने के बाद चालक दल ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। ट्रेन रविवार को दोपहर 12.18 बजे इटारसी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 पर पहुंची थी और 12.28 बजे रवाना हुई। स्टेशन […]

You May Like