
जबलपुर। शेयर बाजार में निवेश पर 500 प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर शहर की एक महिला से 2 करोड़ 27 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में महाराष्ट्र से पुलिस दो ठगों को गिरफ्तार कर शहर लेकर आ गई। जिन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से आरोपियों को पुलिस रिमांड में लिया गया है। पूछताछ में आरोपित नए खुलासे कर सकते है।
पुलिस के मुाबिक शहर में रहने वाली महिला को साइबर ठगों ने जाल में फंसाते हुए शेयर बाजार में निवेश कर प्रतिदिन 5 प्रतिशत रिटर्न और दीर्घकालिक निवेश पर 500 प्रतिशत तक रिटर्न देने का वादा किया था एवं अल्पकालिक पूंजी लाभ और दीर्घकालिक पूंजी लाभ दोनों में निवेश कराने व शेयरों और सस्ते दर पर बल्क ट्रेडिंग में अच्छा मुनाफा दिलाने का वादा कर महिला के साथ 2 करोड़ 27 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई थी।
केतन-यश चढ़े हत्थे, अब तक 13 गिरफ्तार-
उप पुलिस अधीक्षक सायबर अंजुल अयंक मिश्रा ने बताया कि मामले में क्लू मिलते ही पुलिस की एक टीम महाराष्ट्र पुणे पहुंची और टीम द्वारा आरोपी केतन भोवोले पिता जयकिशन 31 वर्ष निवासी अष्ट विनायक नगर खराड़ी पुणे महाराष्ट्र एवं यश देसाई पिता राजू देसाई 29 वर्ष निवासी फ्रेंड्स इंक्लेव थाना मुंढवा जिला पुणे महाराष्ट्र को को दबोचा गया। महाराष्ट्र से पकडक़र दोनों को जबलपुर अपराध थाना लाया गया, जिन्होंने पूछताछ पर धोखाधड़ी की राशि का हेरफेर करना स्वीकार किया। आरोपियों की प्रकरण में विधिवत गिरफ्तारी कर न्यायालय के समक्ष पेश करते हुये पुलिस रिमाण्ड लेकर पूछताछ की जा रही। उल्लेखनीय है कि प्रकरण में अभी तक 13 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
