रुपये में गिरावट जारी, 3.25 पैसे टूटा

मुंबई, 23 जुलाई (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में डॉलर की माँग आने से अमेरिकी मद्रा की तुलना में बुधवार को रुपया 3.25 पैसे टूट गया।
कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 86.4125 रुपये का बोला गया। भारतीय मुद्रा लगातार छठे कारोबार दिवस पर कमजोर हुई है।
एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज की अनुसंधान विश्लेषक रिया सिंह ने बताया कि रुपया 86.50 रुपये प्रति डॉलर की तरफ बढ़ रहा है जो चार सप्ताह का निचला स्तर है। अमेरिका के साथ व्यापार समझौते में हो रही देरी से बाजार में निवेशक आशंकित हैं। विशेषकर, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के बाद उनकी चिंता और बढ़ गयी है जिसमें उन्होंने ब्रिक्स देशों के खिलाफ ऊंचे आयात शुल्क लगाने की बात कही थी।
रुपया आज 8.50 पैसे की गिरावट में 86.4650 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और यही इसका दिन का निचला स्तर रहा। शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की लिवाली से सुबह के समय यह 86.3450 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत हुआ, लेकिन बाजार में डॉलर की माँग निकलने से फिर दबाव में आ गया।
दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर में रही तेजी से रुपये पर दबाव रहा। हालाँकि कच्चे तेल की कीमतों में 0.7 प्रतिशत की नरमी और भारतीय पूँजी बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों की शुद्ध लिवाली से भारतीय मुद्रा की गिरावट सीमित रही।

Next Post

चावल महँगा, गेहूँ सस्ता, तेलों में तेजी, चीनी-गुड़ नरम, दालों में घटबढ़

Wed Jul 23 , 2025
नयी दिल्ली, 23 जुलाई (वार्ता) घरेलू जिंस बाजारों में बुधवार को गेहूँ में नरमी रही जबकि चावल के दाम बढ़ गये। खाद्य तेलों में भी तेजी का रुख रहा। दालों में उतार-चढ़ाव देखा गया जबकि गुड़ और चीनी के भाव टूट गये। घरेलू थोक बाजारों में चावल की औसत कीमत […]

You May Like