भोपाल: मप्र कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. विक्रम चौधरी ने मध्यप्रदेश सरकार द्वारा कनाडा से बॉम्बार्डियर चैलेंजर 3500 बिजनेस जेट खरीदने के फैसले पर सवाल उठाते हुए राज्य की वित्तीय प्राथमिकताओं और विमान-हेलीकॉप्टर किराये पर बढ़ रहे खर्च का मुद्दा उठाया है।डॉ. चौधरी ने नवभारत और सेंट्रल क्रॉनिकल में प्रकाशित समाचारों का हवाला देते हुए कहा कि विमान की शुरुआती कीमत करीब 233 करोड़ रुपये बताई गई थी, जबकि कर, परिवहन और अन्य खर्चों को मिलाकर इसकी कुल लागत करीब 350 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। उन्होंने एयरबस एच160 हेलीकॉप्टर की खरीद का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2021 से नवंबर 2025 के बीच विमान और हेलीकॉप्टर किराये पर करीब 290 करोड़ रुपये खर्च किए गए। उनके अनुसार चैलेंजर 3500 के संचालन पर सालाना 18 से 33 करोड़ रुपये तक खर्च आ सकता है।डॉ. चौधरी ने खरीद की लागत-लाभ उपयोगिता, पारदर्शिता और वित्तीय प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए सौदे की स्वतंत्र जांच तथा पूरी खरीद प्रक्रिया सार्वजनिक करने की मांग की।
