इंदौर: खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई में नंदबाग कॉलोनी की अमन बेकरी में खाद्य पदार्थों के निर्माण की बदहाल तस्वीर सामने आई. किचन में अत्यधिक गंदगी मिली, खाद्य सामग्री रखने वाले लोहे के रैक जंग लगे थे और तैयार खाद्य पदार्थ खुले में रखे मिले. खराब आलू मिलने पर उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया. बेकरी के पास वैध खाद्य लाइसेंस भी नहीं मिला. इन खामियों के चलते प्रशासन ने सुधार और साफ-सफाई होने तक बेकरी का निर्माण कार्य तत्काल बंद करा दिया.
बेकरी से बेक समोसा, केक और खारी के तीन नमूने लिए गए हैं. इन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा कानून के तहत आगे की कार्रवाई होगी. खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में फूड इंस्पेक्टर धर्मेंद्र और नीरज श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर अमन बेकरी सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और खाद्य नमूने लिए.
शिकायतों पर भी पहुंची टीम
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मंगलवार को शहर के अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की. श्री नमकीन, गरीब नवाज, छोटा बांगड़दा रोड से नमकीन के दो नमूने लिए गए. वहीं शिकायत के आधार पर द्वारकाधीश भोजनालय की जांच की गई. यहां भोजन थाली में परोसे जाने वाले तैयार खाद्य पदार्थों के छह नमूने लिए गए, जिनमें आलू बड़ी की सब्जी, तुअर दाल, प्लेन चावल, रायता, रोटी और आटा शामिल हैं.
घी के साथ मैगी भी जांच के घेरे में
मांगलिया की सिंगापुर ग्रीन व्यू प्रीमियम सोसाइटी स्थित सारस किराना स्टोर से चार नमूने लिए गए. इनमें गौ अमृत प्रीमियम देशी घी, गो समृद्धि देशी घी, श्री मोतीसागर देशी घी और मैगी 2 मिनट नूडल्स शामिल हैं. मैगी को लेकर स्नस्स््रढ्ढ के माध्यम से शिकायत मिलने के बाद मुख्यालय से मिले निर्देश पर इसका नमूना लिया गया है. शिकायत में मैगी में प्रतिबंधित/अमानक खाद्य पदार्थ की मिलावट की बात कही गई थी. हालांकि इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी.
15 नमूने, रिपोर्ट का इंतजार
एक दिन की कार्रवाई में चारों प्रतिष्ठानों से कुल 15 खाद्य नमूने लिए गए हैं. सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं. रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी. खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई से साफ है कि बिना लाइसेंस खाद्य निर्माण और स्वच्छता मानकों की अनदेखी अब कार्रवाई के दायरे में है
