
इंदौर। संयुक्त किसान मोर्चा व केंद्रीय श्रम संगठनों की अभियान समिति के आव्हान पर बुधवार को इंदौर सहित कई गांवों में अमेरिकी पूंजीवाद के प्रतीक डोनाल्ड ट्रंप के पुतले जलाए गए। गांधी हाल से जुलूस निकालकर संभागायुक्त कार्यालय पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों ने ट्रंप के पोस्टर की होली जलाई और दो ज्ञापन सौंपे। ज्ञापनों में अमेरिका द्वारा भारत पर 50% टैरिफ थोपने का विरोध, खाद्य सुरक्षा और कृषि बचाने की मांग, इंदौर की तीनों प्रमुख मंडियों की अव्यवस्थाएं दूर करने, बकाया फसल बीमा व मंडी भुगतान, अवैध पार्किंग और वसूली रोकने, भूमि अधिग्रहण पर रोक लगाने, तोल कांटे और पेयजल सुविधाएं सुधारने जैसी मांगें शामिल थीं।
प्रदर्शन का नेतृत्व रामस्वरूप मंत्री, अरुण चौहान, रुद्रपाल यादव, बबलू जाधव और प्रमोद नामदेव ने किया। बालैदा, गांधी नगर, देपालपुर, सांवेर, सिमरोल, बिजलपुर सहित दो दर्जन गांवों में पुतला दहन हुआ। नेताओं ने कॉर्पोरेट कब्जे, श्रम संहिता और पर्यावरण दोहन का विरोध करते हुए अडानी-अंबानी जैसी कंपनियों को भगाने की अपील की।
