अवैध शराब के खिलाफ अभियान, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

सीधी: कलेक्टर विकास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने आज पुलिस कंट्रोल रूम सीधी में जिले के समस्त मदिरा अनुज्ञप्तिधारियों तथा आबकारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीधी जिले में सागर जैसी कोई अप्रिय घटना न हो इसके लिए अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए। पुलिस और आबकारी विभाग आपसी समन्वय से ऐसे स्थानों को चिन्हित करें, जहां अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियां संचालित होने की आशंका है। बैठक में निर्देश दिए गए कि मुखबिर तंत्र एवं सूचना तंत्र को
सक्रिय कर अवैध शराब के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जाए। चिन्हित स्थानों पर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम तत्काल कार्रवाई करे। जिले की सीमा से लगे निकटवर्ती राज्यों एवं जिलों से अवैध शराब की बिक्री अथवा परिवहन की सूचना मिलने पर तत्काल आबकारी विभाग या पुलिस को सूचित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। बैठक में अवैध शराब के कारोबार में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों की सूची तैयार कर पुलिस एवं आबकारी विभाग के बीच साझा करने के निर्देश दिए गए। ऐसे आदतन अपराधियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 45 के तहत प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
कलेक्टर एवं एसपी ने शहर के मुख्य मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्थित शराब दुकानों के आसपास शाम के समय पुलिस गश्त अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए। साथ ही मदिरा अनुज्ञप्तिधारियों को भी नियमों का कड़ाई से पालन करने और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने के लिए निर्देशित किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस एवं आबकारी विभाग द्वारा संयुक्त रूप से लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रखी जाएगी ताकि जिले में जहरीली अथवा अवैध शराब से संबंधित किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को पूरी तरह रोका जा सके। बैठक में जिला आबकारी अधिकारी संतोष सिंह कुशवाह, एएसपी कमला जोशी सहित पुलिस एवं आबकारी विभाग के अधिकारी तथा जिले के समस्त मदिरा अनुज्ञप्तिधारी उपस्थित रहे।

Next Post

गौ माता के पैर पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला

Mon Sep 14 , 2026
सीधी: डॉ. आदिकेशव महराज जगन्नाथ पुरी ने कहा है कि सीधी जिले के ग्राम सगौनी भरतपुर में गौ माता के साथ हुई घटना को देख हृदय अत्यंत व्यथित और दुरूखी है। बेजुबान और पूजनीय गौ माता पर इस तरह का क्रूर हमला न केवल अमानवीय है बल्कि समाज की संवेदनशीलता […]

You May Like