
जबलपुर। जबलपुर रेल मंडल में 28 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच रेलवे सुरक्षा बल ने यात्री सहायता, मानवता और रेल संपत्ति की सुरक्षा से जुड़े कई सराहनीय कार्य किए। ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत 27 सितंबर को जबलपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर मिले करीब 9 वर्षीय लावारिस बालक को सुरक्षित संरक्षण में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद शासकीय बाल गृह, गोरखपुर में सुपुर्द किया गया। वहीं ऑपरेशन डिग्निटी के तहत स्टेशन परिसर से 2 वृद्ध पुरुष और 6 वृद्ध महिलाओं समेत 8 निराश्रितों को रेस्क्यू कर मोक्ष लावारिस निराश्रित सेवा संस्था में पुनर्वास के लिए पहुंचाया गया। ऑपरेशन सेवा के तहत चलती ट्रेन से गिरकर घायल हुए उमेश कोल को प्राथमिक सहायता देने के साथ परिजनों से संपर्क कराया गया और सुरक्षित शहडोल भेजने की व्यवस्था की गई। ऑपरेशन भूमि के तहत शोभापुर फाटक और पनागर रेलवे गेट के पास रेलवे भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटाया गया। दोनों स्थानों पर कार्रवाई शांतिपूर्ण रही। ऑपरेशन सतर्क के तहत बरगवां रेलवे स्टेशन के एसी वेटिंग हॉल में दो ट्रॉली बैग से 89 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत 16,287 रुपए बताई गई। मामले में आरोपी जितेन्द्र सिंह राठौर को गिरफ्तार कर जीआरपी सिंगरौली द्वारा आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
सुरक्षित लौटाया मोबाइल
ऑपरेशन अमानत के तहत ट्रेन संख्या 12159 में यात्री अनिल चौकसे का छूटा मोबाइल बरामद कर सुरक्षित वापस लौटाया गया। मोबाइल की कीमत करीब 12 हजार रुपए बताई गई। RPF की इन कार्रवाइयों से यात्रियों की सहायता और सुरक्षा के साथ जरूरतमंदों के प्रति मानवीय संवेदनशीलता, रेल संपत्ति की सुरक्षा और रेलवे परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रतिबद्धता सामने आई।
