मुंबई, 5 अक्टूबर (वार्ता) कोटक महिंद्रा एसेट मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड ने कोटक निफ्टी 500 इंडेक्स फंड लॉन्च करने की घोषणा की जो एक ओपन-एंडेड योजना है।
कंपनी की एक विज्ञप्ति के अनुसार यह नया फंड ऑफर (एनएफओ) के लिए 5-19 अक्टूबर तक खुला रहेगा।
फंड लॉन्च करते हुए कोटक महिंद्रा एसेट मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक निलेश शाह ने कहा, “भारत में इक्विटी निवेश के अवसर लगातार व्यापक हो रहे हैं और अब ये विभिन्न क्षेत्रों, उद्योगों तथा अलग-अलग बाजार पूंजीकरण वाली कंपनियों तक फैल रहे हैं। कोटक निफ्टी 500 इंडेक्स फंड निवेशकों को एक ही इंडेक्स को ट्रैक करने वाले विविधीकृत पोर्टफोलियो के माध्यम से इस व्यापक अवसर में भाग लेने का सरल तरीका उपलब्ध कराता है।”
निफ्टी 500 इंडेक्स निवेशकों को लार्ज-कैप, मिड-कैप और स्मॉल-कैप कंपनियों में एक्सपोजर प्रदान करता है। यह भारत के सूचीबद्ध बाजार पूंजीकरण का लगभग 87 प्रतिशत प्रतिनिधित्व करता है। कंपनी के फंड मैनेजर सतीश डोंडापति ने कहा, “व्यापक इक्विटी बाजार में निवेश की तलाश करने वाले निवेशकों को अक्सर अलग-अलग बाजार पूंजीकरण वाली कंपनियों में अलग-अलग निवेश करना पड़ता है। निफ्टी 500 इंडेक्स स्थापित अग्रणी कंपनियों और उभरते कारोबारों को एक ही पोर्टफोलियो में शामिल करता है।”
