
भोपाल। नवीन न्याय संहिताओं और आधुनिक वैज्ञानिक अन्वेषण प्रणाली के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से पांच दिवसीय प्रदर्शनी 3 से 7 अक्टूबर तक बीएचईएल दशहरा मैदान, गोविंदपुरा में आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी का उद्घाटन 3 अक्टूबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के मार्गदर्शन में आयोजित प्रदर्शनी में अपराध की सूचना मिलने से लेकर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, फॉरेंसिक जांच, संदिग्धों की पहचान और न्यायालय में साक्ष्य प्रस्तुत करने की पूरी प्रक्रिया प्रदर्शित की जाएगी।
डायल-112 और ई-एफआईआर के माध्यम से सूचना मिलने के बाद पुलिस, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की कार्रवाई का लाइव प्रदर्शन होगा। थ्री-डी क्राइम सीन मॉडल, डिजिटल डिस्प्ले और वीडियो भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
प्रदर्शनी में ‘सेफ क्लिक’, ई-जीरो एफआईआर, ऑपरेशन मुस्कान, महिला हेल्प डेस्क और ‘से नो टू ड्रग्स’ अभियानों की जानकारी दी जाएगी। नागरिकों और विद्यार्थियों के लिए नवीन न्याय संहिताओं पर लाइव डिजिटल क्विज भी आयोजित होगी।
