भिण्ड: वर्ष 2027 में होने वाली जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग की अलग से गणना और जनगणना प्रपत्र में ओबीसी का पृथक कॉलम जोड़ने की मांग को लेकर प्रांतीय कुशवाह महासभा जिला अध्यक्ष दिलीप सिंह कुशवाह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। कलेक्टर प्रतिनिधि एवं एसडीएम अखिलेश शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल से ज्ञापन प्राप्त किया।
ज्ञापन में मांग की गई कि आगामी जनगणना में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की तरह अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए भी अलग कॉलम निर्धारित किया जाए। साथ ही ओबीसी की जातिवार जनसंख्या का प्रमाणिक आंकड़ा दर्ज कर उसे सार्वजनिक किया जाए, जिससे सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं प्रशासनिक नीतियों के निर्माण में इन आंकड़ों का उपयोग किया जा सके।
प्रतिनिधियों ने कहा कि ओबीसी की वास्तविक जनसंख्या से संबंधित प्रमाणिक आंकड़े उपलब्ध नहीं होने के कारण विभिन्न योजनाओं, आरक्षण और प्रतिनिधित्व से जुड़े निर्णयों में कठिनाइयां आती हैं। ऐसे में वर्ष 2027 की जनगणना में ओबीसी की अलग से गणना और जातिवार आंकड़ों का संकलन किया जाना जरूरी है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रांतीय कुशवाह महासभा जिला अध्यक्ष दिलीप सिंह कुशवाह, एडवोकेट धर्मेंद्र कुशवाह, एडवोकेट अमर सिंह शाक्य, वीर सिंह कुशवाह, प्रदेश सचिव ओबीसी महासभा, नरेंद्र यादव, सोनू यादव, अंकुल यादव, मनोज कुशवाह, जिला अध्यक्ष, रामपाल कुशवाह, रामवरन कुशवाह, रवि कुशवाह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि ज्ञापन को संबंधित उच्च अधिकारियों तक भेजकर 2027 की जनगणना में ओबीसी के लिए पृथक कॉलम शामिल किए जाने की मांग पर कार्रवाई की जाए।
