
सीधी। जिले के अमिलिया थाना अंतर्गत बेलगांव में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक बस के पहिए के नीचे आने से 7 वर्षीय बालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के वक्त बेलगांव निवासी ज्ञानेंद्र पटेल का बेटा देवांश पटेल उम्र 7 वर्ष सुबह घर से कहीं जा रहा था। इस दौरान मौके से निकल रही एक तेज रफ्तार बेकाबू बस ने सडक़ किनारे खड़े देवांश पटेल को कुचल दिया।
लोगों ने बताया कि हादसे के समय बस की रफ्तार अत्यधिक तेज थी। सूचना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैंस पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाकारित प्रिया बस क्रमांक एमपी 17 पी 1667 को अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
इनका कहना है
पुलिस ने बालक के शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। मामले में मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
राकेश बैस, थाना प्रभारी अमिलिया
