सोते समय कुल्हाडी से वार कर वृद्ध की हत्या

जबलपुर: कुंडम थाना अंतर्गत कल्याणपुर में टपरिया बनाकर रह रहे बुजुर्ग की सोते समय कुल्हाडी से तीन वार कर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए । सूचना मिलते ही पुलिस मौका-ए-वारदात पर पहुंच गई और घटना स्थल से अहम साक्ष्य जुटाते हुए हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जगदीश सिंह मरावी 50 वर्षीय निवासी कल्याणपुर में टपरिया बनाकर अकेले रहते थे। जब वह सो रहे थे तभी पुरानी रंजिश को लेकर अग्नू विश्वकर्मा और परीवा मरवी टपरिया में पहुंचे और गहरी नींद में सो रहे जगदीश पर ताबड़तोड़ कुल्हाडी से तीन वार कर दिए। आरोपियों ने बेरहमी से सीने पर लगातार हमला किया जिससे गंभीर चोटें आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है जिनके पकड़े जाने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हत्या किन कारणों से की गई है।

Next Post

कागजों से बाहर निकालो न्यायिक भवनों के प्रोजेक्ट

Fri Oct 2 , 2026
जबलपुर: मध्य प्रदेश में नई न्यायालयीन इमारतों के निर्माण को लेकर हाई कोर्ट की सख्ती के बाद सरकार ने 644.85 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी दिए जाने की जानकारी दी है। चीफ जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे व जस्टिस विवेक जैन की युगलपीठ ने स्पष्ट किया कि केवल वित्तीय स्वीकृति पर्याप्त […]

You May Like