
बांदकपुर/दमोह। श्रावण मास के रविवार को श्री देव जागेश्वरनाथ जी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रविवार को मंदिर गर्भगृह में श्रद्धालुओं का प्रवेश पूर्णतः निषेध रहा तथा मंदिर ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गर्भगृह के बाहर से ही जल चढ़ाने व दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु बांदकपुर पहुंचने लगे और दिनभर भक्तों की आस्था का जनसैलाब दिखाई दिया लगभग 80 हजार श्रद्धालुओं ने श्रीदेव जागेश्वरनाथ जी के दर्शन कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। पुलिस प्रशासन में थाना प्रभारी अंजलि अगिनहोत्री, चौकी प्रभारी राजेंद्र मिश्रा और पुलिस बल तैनात रहा।श्रावण मास के अंतिम सोमवार को लेकर मंदिर ट्रस्ट व प्रशासन के सामने श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को व्यवस्थित करने की चुनौती है। अंतिम सोमवार होने के कारण रविवार की अपेक्षा सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक बढ़ने की संभावना है। इसी को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम दर्शन, जलाभिषेक, भीड़ नियंत्रण तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को पहले से ही सुनिश्चित किया गया है।
मंदिर ट्रस्ट के प्रवक्ता आचार्य पंडित रवि शास्त्री जी महाराज व मंदिर ट्रस्ट के सहायक प्रबंधक पंडित श्री केदारनाथ दुबे ने बताया कि श्रावण का चौथा सोमवार इस वर्ष श्रावण मास का अंतिम सोमवार है। भगवान श्रीदेव जागेश्वरनाथ जी के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था को देखते हुए बड़ी संख्या में भक्तों के बांदकपुर पहुंचने की संभावना है। मंदिर ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं को व्यवस्थित व प्रभावी बनाया गया है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे मंदिर ट्रस्ट व जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था का पालन करें और धैर्यपूर्वक कतार में लगकर भगवान के दर्शन एवं जलाभिषेक करें। भीड़ अधिक होने की स्थिति में श्रद्धालु व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा अनावश्यक रूप से गर्भगृह में प्रवेश का प्रयास न करें। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ के दर्शन सभी श्रद्धालुओं को सुगमता से प्राप्त हों, यही मंदिर ट्रस्ट का प्रमुख उद्देश्य है।रविवार को लगभग 80 हजार श्रद्धालुओं द्वारा किए गए जलाभिषेक से बांदकपुर में श्रावण मास की भक्ति और आस्था का भव्य दृश्य देखने को मिला। अंतिम सोमवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे व्यवस्थाओं में सहयोग करते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में भगवान श्रीदेव जागेश्वरनाथ जी का दर्शन व पूजन करें और श्रावण के अंतिम सोमवार को श्रद्धा, भक्ति व अनुशासन के साथ मनाएं।
