जन्मदिन की खुशियां मनाने के एक दिन बाद बुझ गई जिंदगी, ग्राइंडर की चपेट में आया युवक

देवास। तिलक नगर में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। एक दिन पहले ही अपना जन्मदिन मनाने वाले युवक अरशद अली की काम के दौरान ग्राइंडर की चपेट में आने से मौत हो गई। दीवार में टाइल्स लगाने के लिए छेद करते समय अचानक मशीन का लोहे का पत्ता फंस गया और कटर युवक के गले में जा लगा। गंभीर रूप से घायल अरशद को परिजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार अरशद अली तिलक नगर क्षेत्र में टाइल्स लगाने का काम कर रहा था। गुरुवार को वह दीवार में टाइल्स लगाने के लिए ग्राइंडर मशीन से छेद कर रहा था। इसी दौरान अचानक मशीन का लोहे का पत्ता फंस गया। मशीन अनियंत्रित होने से कटर अरशद के गले में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजन तत्काल लेकर पहुंचे अस्पताल-

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और आसपास मौजूद लोग घायल अरशद को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसका परीक्षण किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों के मुताबिक अरशद ने हादसे से ठीक एक दिन पहले अपना जन्मदिन मनाया था। परिवार के लिए यह दिन खुशियों से भरा था, लेकिन अगले ही दिन हुए दर्दनाक हादसे ने खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया। घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Next Post

‘सेवा संकल्प अभियान- नमो सेवा’ के तहत नुक्कड़ नाटक का मंचन

Thu Oct 1 , 2026
धार. महाराजा भोज शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धार में ‘‘सेवा संकल्प अभियान- नमो सेवा’’ के अंतर्गत एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। नाटक का शीर्षक ‘‘सपनों को पंख- योजनाओं से शिक्षा की उड़ान’’ रखा गया था। जिसके माध्यम से युवाओं को राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक […]

You May Like