
जबलपुर । माढ़ोताल थाना अंतर्गत शारदा नगर प्रोफेसर कॉलोनी में कार में बैठने से मना करने की बात पर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद हमले में बदल गया। सनकी पति ने पहले तो घर पर पत्नी को बेरहमी से पीटा और जब पीडि़ता अपने भाई के साथ थाने रिपोर्ट दर्ज कराने निकली, तो आरोपी पति ने फिल्मी स्टाइल में पीछा करते हुए उनकी मोटरसाइकिल को कार से उड़ा दिया। इस भीषण हादसे में भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शारदा नगर निवासी अंकुश गर्ग ने घर आकर अपनी पत्नी रानी से कार में बैठने के लिए कहा। कार में पहले से ही ज्यादा भीड़ होने के कारण रानी ने बैठने से मना कर दिया। इतनी सी बात पर पति अंकुश आगबबूला हो गया और उसने रानी के साथ जमकर मारपीट शुरू कर दी। अपनी बहन को पिटता देख भाई सौरभ दुबे और अरविंद तिवारी ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी अंकुश गर्ग, आयुष गर्ग और अनुराग दुबे ने मिलकर उन दोनों भाइयों पर भी हमला बोल दिया और उनके साथ भी जमकर मारपीट की। मारपीट से व्यथित होकर रानी अपने भाई के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर माढ़ोताल थाने रिपोर्ट करने के लिए निकली। जैसे ही दोनों पाटन रोड पर पानी की टंकी के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे पति अंकुश गर्ग ने अपनी तेज रफ्तार कार से उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि रानी और उसका भाई बाइक समेत सडक़ पर काफी दूर तक घिसटते चले गए। इस हादसे में दोनों के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
