2024-25 के लिए के.एफ. रुस्तम जी पुलिस पुरस्कार घोषित

भोपाल। मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने वर्ष 2024-25 के प्रतिष्ठित के.एफ. रुस्तम जी पुरस्कारों की घोषणा की है। यह सम्मान चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में असाधारण साहस, नेतृत्व क्षमता, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रदान किया जाता है।

पुरस्कार दस्यु उन्मूलन एवं नक्सल विरोधी अभियानों, सांप्रदायिक घटनाओं तथा गंभीर कानून-व्यवस्था की परिस्थितियों में उल्लेखनीय योगदान के लिए तीन श्रेणियों परम विशिष्ट, अति विशिष्ट और विशिष्ट में दिए जाते हैं।

परम विशिष्ट श्रेणी में भोपाल एटीएस इकाई के उप निरीक्षक रामविलास हुण्डा का चयन किया गया है। उन्हें एक रिवॉल्वर और प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।

अति विशिष्ट श्रेणी में पांच पुलिसकर्मियों का चयन हुआ है। इनमें रतलाम के जावरा थाने के उप निरीक्षक रघुवीर जोशी, बालाघाट एसआईबी के प्रधान आरक्षक अब्दुल खालिद कुरैशी, भोपाल एटीएस के प्रधान आरक्षक ताराचंद शुक्ला, खंडवा एटीएस के आरक्षक पंकज सिन्हा तथा एटीएस मुख्यालय भोपाल के आरक्षक अक्षय सिंह शामिल हैं। इन्हें 12-बोर गन एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।

विशिष्ट श्रेणी में 31 अधिकारियों एवं कर्मचारियों का चयन किया गया है। प्रत्येक को 50,000 रुपये और प्रमाण-पत्र दिया जाएगा। इनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवीन कुमार चौधरी, एसडीओपी मयंक तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक आकांक्षा तलया, नगर पुलिस अधीक्षक अंजुल अयंक मिश्रा और डीएसपी जगदीश सिंह सिद्धू सहित विभिन्न जिलों तथा एटीएस, एसटीएफ और साइबर सेल में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।

डीजीपी कैलाश मकवाणा ने सभी पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को बधाई देते हुए चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उनके उत्कृष्ट एवं समर्पित कार्य की सराहना की।

Next Post

अफगानिस्तान: कुनार और हेलमंद में पाकिस्तानी हवाई हमले, 10 नागरिकों की मौत

Thu Oct 1 , 2026
काबुल, 01 अक्टूबर (वार्ता) अफगानिस्तान के कुनार और हेलमंद प्रांतों में पाकिस्तानी वायुसेना के भीषण हवाई हमलों में कई बच्चों सहित कम से कम 10 नागरिकों की मौत हो गई है। अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन ने गुरुवार को इस घटना की पुष्टि की। यूएन मिशन ने बताया कि […]

You May Like