अफगानिस्तान: कुनार और हेलमंद में पाकिस्तानी हवाई हमले, 10 नागरिकों की मौत

काबुल, 01 अक्टूबर (वार्ता) अफगानिस्तान के कुनार और हेलमंद प्रांतों में पाकिस्तानी वायुसेना के भीषण हवाई हमलों में कई बच्चों सहित कम से कम 10 नागरिकों की मौत हो गई है। अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन ने गुरुवार को इस घटना की पुष्टि की।

यूएन मिशन ने बताया कि इस हमले में नौ अन्य लोग घायल हुए हैं। मिशन ने सीमा पार जारी हिंसक गतिविधियों पर चिंता व्यक्त करते हुए दोनों पक्षों से स्थिति को तत्काल शांत करने की अपील की है और आगाह किया है कि इस प्रकार की झड़पों का सबसे बड़ा खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।

तालिबान के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने पहले जानकारी दी थी कि कुनार और हेलमंद में आवासीय क्षेत्रों को निशाना बनाकर किए गए इन हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित नौ नागरिक मारे गए हैं और 11 अन्य घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि हवाई हमलों से तीन रिहायशी मकान पूरी तरह तबाह हो गए हैं। स्थानीय निवासियों ने भी संपत्ति के भारी नुकसान और आम नागरिकों के हताहत होने की पुष्टि की है।

दूसरी ओर, पाकिस्तान ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया है कि उसके हवाई हमले अफगानिस्तान के दो अलग-अलग स्थानों पर आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाकर चलाए गए “सुव्यवस्थित और सटीक” अभियान का हिस्सा थे।

पाकिस्तान सूचना मंत्रालय के अनुसार, शुरुआती रिपोर्टों में कम से कम 22 आतंकवादियों के मारे जाने और भारी मात्रा में हथियार व गोला-बारूद नष्ट होने का दावा किया गया है। पाकिस्तानी अधिकारियों ने यह भी कहा कि अभियान के दौरान नागरिक हताहतों को रोकने के लिए पर्याप्त सावधानी बरती गई थी।

उल्लेखनीय है कि इस्लामाबाद और काबुल के बीच पिछले कुछ समय से तनाव गहराया हुआ है। पाकिस्तान लगातार तालिबान प्रशासन पर आरोप लगाता रहा है कि वह तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान जैसे सशस्त्र इस्लामी आतंकवादी समूहों को अपनी जमीन का इस्तेमाल करने और पाकिस्तान के भीतर हमले की योजना बनाने की अनुमति दे रहा है। वहीं, तालिबान अधिकारियों ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि अपनी सीमाओं के भीतर सुरक्षा प्रदान करने में पाकिस्तान की विफलता उसका आंतरिक मामला है और इसके लिए अफगानिस्तान को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।

मिशन ने दोनों पक्षों से आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का पालन करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का आग्रह किया है।

Next Post

अमेरिका के साथ बातचीत जारी रखेगा ईरान: राष्ट्रपति पेज़ेशकियान

Thu Oct 1 , 2026
तेहरान, 01 अक्टूबर (वार्ता) ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान ने कहा है कि वार्ता प्रक्रिया के दौरान तीन बार हमले होने के बावजूद उनका देश अमेरिका के साथ बातचीत का रास्ता तलाशना जारी रखेगा। समाचार एजेंसी तसनीम ने गुरुवार को उनके हवाले से यह जानकारी दी। उद्योगपतियों और उद्यमियों के […]

You May Like