मुंबई, 01 अक्टूबर (वार्ता) कोटक महिंद्रा बैंक के अगले प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में श्री अनूप कुमार साहा की नियुक्ति को भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मंजूरी मिल गयी है। बैंक ने गुरुवार को बताया कि श्री साहा की नियुक्ति एक जनवरी 2027 से प्रभावी होगी। उनका कार्यकाल तीन साल का होगा। वर्तमान में श्री अशोक वासवानी इस पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अब निदेशक मंडल इस नियुक्ति को औपचारिक रूप देने और इसके लिए सदस्यों की मंजूरी लेने के लिए आगे की कार्यवाही करेगा।
श्री साहा वर्तमान में कोटक महिंद्रा बैंक के पूर्णकालिक निदेशक हैं। वह जनवरी 2026 में बैंक से जुड़े थे और मार्च 2026 से खुदरा बैंकिंग, डेटा एनालिटिक्स और विपणन का काम देख रहे हैं। कोटक महिंद्रा बैंक के निदेशक मंडल के अध्यक्ष सी.एस. राजन ने कहा, ” हम भारतीय रिजर्व बैंक की मंजूरी का स्वागत करते हैं। अनूप के पास बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं का बहुत अनुभव है और वे अपनी मौजूदा भूमिका में बैंक के कारोबार से सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं। जैसे-जैसे बैंक अपनी मजबूत नींव पर आगे बढ़ रहा है, हम फ्रैंचाइजी को मजबूत करने और टिकाऊ विकास हासिल करने में अनूप (साहा) के नेतृत्व की उम्मीद करते हैं।”
श्री वासवानी ने कहा, “अनूप वित्तीय सेवाओं के एक अनुभवी नेतृत्वकर्ता हैं। उनके पास अलग-अलग कारोबार, ग्राहक श्रेणी और परिचालन कार्यों का गहरा अनुभव है। मुझे भरोसा है कि अनूप (साहा) कोटक की मजबूत नींव को और मज़बूत करेंगे, ग्राहकों के साथ संबंध गहरे करेंगे और मकसद तथा अनुशासन के साथ बैंक को आगे ले जाएंगे।”
श्री साहा ने निदेशक मंडल का आभार जताते हुए कहा कि बैंक का नेटवर्क मजबूत है, ब्रांड भरोसेमंद है और पूरी कंपनी में प्रतिभाशाली टीमें हैं। उन्होंने कहा कि वह सही काम करने और ग्राहकों के लिए सही फैसले लेने पर पूरा फोकस रखेंगे। कोटक में आने से पहले श्री साहा ने बजाज फाइनेंस लिमिटेड में कई वरिष्ठ पदों पर काम किया था और अंत में कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद तक पहुंचे थे। इससे पहले, वह आईसीआईसीआई बैंक में भी विभिन्न पदों पर 14 साल रहे थे। वह आईआईटी खड़गपुर से इंजीनियरिंग में बी. टेक और आईआईएम लखनऊ से एमबीए हैं।

