
सरई । सरई थाना क्षेत्र में गंभीर मरीज को अस्पताल ले जा रही गाड़ी को कथित रूप से रोककर सड़क पर चक्काजाम करने के मामले में पुलिस ने प्रेम सिंह भाटी, विकास सेन सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एफआईआर में शिकायतकर्ता राजेश कुमार जायसवाल निवासी वार्ड क्रमांक 6, नगर परिषद सरई ने बताया कि 28 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे सरई-इंद्रही मुख्य मार्ग पर एक व्यक्ति की मृत्यु को आधार बनाकर प्रेम सिंह भाटी एवं उनके सहयोगियों द्वारा सड़क को चारों ओर से घेरकर जाम किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के अनुसार उसी दौरान राजेश कुमार एक अत्यंत गंभीर रूप से बीमार मरीज को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे। मरीज की हालत नाजुक होने के कारण रास्ता रोकने वालों से वाहन को जाने देने की गुहार लगाई गई, लेकिन आरोप है कि वाहन को आगे नहीं जाने दिया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जाम के कारण मरीज को समय पर चिकित्सा सहायता नहीं मिल सकी और उसकी हालत और बिगड़ गई। आवेदन में यह भी कहा गया है कि चक्काजाम के कारण आम नागरिकों, एम्बुलेंस एवं अन्य आवश्यक वाहनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। शिकायत के आधार पर सरई थाना पुलिस ने अपराध से संबंधित प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2) एवं 126(1) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
