
इंदौर. तिलकनगर क्षेत्र में महिला से मारपीट की शिकायत पर बाहर निकले भाजपा नेता को धमकाने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा है. दो बालिग आरोपियों का जुलूस निकालकर उन्हें जेल भेजा, जबकि दो नाबालिगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है.
घटना संविदनगर सब्जी मंडी के पास की है. दो दिन पहले भाजपा नेता राजा कोठारी अपने घर पर थे, तभी बाहर से एक महिला हेमलता की चीख पुकार सुनाई दी. बाहर निकलकर उन्होंने देखा कि कुछ युवक महिला से मारपीट कर रहे थे. कोठारी ने बीचबचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ भी हाथापाई की और जान से मारने की धमकी दे डाली. घटना की रिपोर्ट तिलकनगर थाने में दर्ज होते ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई. पुलिस ने सुमित बौरासी और सुनील बौरासी को गिरफ्तार कर थाना क्षेत्र में उनका जुलूस निकाला. इसके बाद दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया. वहीं दो अन्य आरोपी नाबालिग पाए गए. पुलिस ने उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है.
