
ग्वालियर, उत्तर मध्य रेलवे मंडल में 30 सितंबर को 21 रेल कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके सेवानिवृत्ति देयकों के रूप में कुल 5 करोड़ 59 लाख रुपये की धनराशि का भुगतान एनईएफटी के माध्यम से किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भुगतान विवरण, सेवा प्रमाण-पत्र और पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) सौंपे गए। अधिकारियों ने बताया कि सेवानिवृत्ति के दिन ही देयकों का भुगतान सुनिश्चित करना रेल प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि कर्मचारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
समारोह को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के दीर्घकालीन सेवाकाल की सराहना की। उन्होंने सभी के स्वस्थ, सुखद और समृद्ध भविष्य की कामना करते हुए कहा कि रेलवे के विकास में कर्मचारियों का योगदान अमूल्य है।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा, मंडल कार्मिक अधिकारी जी.पी. मिश्रा और सहायक मंडल वित्त प्रबंधक रवि कुमार सविता सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।
