नयी दिल्ली,30 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने खरीफ विपणन सीजन 2026-27 के लिए मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस)के अंतर्गत उत्तर प्रदेश,तेलंगाना और कर्नाटक राज्यों में प्रमुख दलहन और तिलहन फसलों की खरीद के लिए कुल 5,547.99 करोड़ रुपए की न्यूनतम समर्थन मूल्य राशि पर खरीदारी को हरी झंडी दिखा दी है। इसका उद्देश्य बाजार में फसलों की कीमतों में गिरावट से किसानों का बचाव करना और उन्हें उनकी उपज का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित कराना है।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों के कल्याण, उनकी आय में वृद्धि और कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही है। इस दिशा में तीन प्रमुख राज्यों के किसानों से विभिन्न फसलों की बड़े पैमाने पर खरीद की जाएगी।
उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए सबसे बड़ा हिस्सा तय करते हुए कुल 3,992.57 करोड़ रुपये की खरीद को मंजूरी दी गई है। इसके तहत राज्य में 3,937.70 करोड़ रुपये मूल्य से 4,66,000 टन अरहर और 54.87 करोड़ रुपये मूल्य से 6,250 टन मूंग की खरीद समर्थन मूल्य पर की जाएगी।
कर्नाटक के दलहन और तिलहन उत्पादक किसानों के लिए 1,107 करोड़ रुपये की उपज खरीद का अनुमोदन किया गया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह की मंजूरी से कर्नाटक में 659.27 करोड़ रुपये मूल्य की 1,15,500 टन सोयाबीन, 335.83 करोड़ रुपये मूल्य की 38,250 टन मूंग तथा 111.90 करोड़ रुपये मूल्य की 13,413 टन सूरजमुखी (सनफ्लावर) की खरीद पीएसएस के तहत की जाएगी।
इसके साथ ही, तेलंगाना के किसानों के हित में कुल 448.42 करोड़ रुपये की खरीद को केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने स्वीकृति दी है। इसमें 353.90 करोड़ रुपये मूल्य की 62,000 टन सोयाबीन और 94.52 करोड़ रुपये मूल्य की 10,766 टन मूंग की समर्थन मूल्य पर खरीद शामिल है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा उठाया गया यह कदम न केवल किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेगा, बल्कि देश में दलहन और तिलहन के उत्पादन को बढ़ावा देकर भारत को खाद्य तेलों और दालों के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में भी मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी उपार्जन केंद्रों पर खरीद की व्यवस्थाएं पारदर्शी रहेंगी और किसानों को उनकी उपज की राशि का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में समयबद्ध तरीके से किया जाएगा।

