
ग्वालियर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जयराज कुबेर ने पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हो रहे पांच पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी।
समारोह में सूबेदार प्रेम सिंह राठौर, कार्यालयीन स्टाफ, सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मी और उनके परिजन मौजूद रहे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने सभी के ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण भाव से किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा सेवानिवृत्त होने के बाद भी उनका अनुभव, अनुशासन और सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।
उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों से उनके सेवाकाल के अनुभव भी साझा किए और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने सलाह दी कि सेवानिवृत्ति के बाद स्वयं को सामाजिक कार्यों में व्यस्त रखें, ताकि दिनचर्या में आए बदलाव के साथ आसानी से सामंजस्य स्थापित हो सके। कार्यक्रम के अंत में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
सेवानिवृत्त होने वालों में उपनिरीक्षक (अ) हेमलता सिकरवार, सहायक उपनिरीक्षक शिव कुमार जोशी, सहायक उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह सेंगर, सहायक उपनिरीक्षक किशन लाल श्रीवास और प्रधान आरक्षक हरीशंकर शर्मा शामिल हैं।
