
सिंगरौली । चितरंगी जपं के ग्राम पंचायत गड़वानी में सरकारी योजनाओं के नाम पर लाखों रुपये की वित्तीय गड़बड़ी किए जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने आज मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता अजय कुमार, मनोज कुमार पनिका, पंचूराम साकेत, शिवलाल सिंह, भाईलाल, प्रकाश सेन एवं कमलेश समेत अन्य ने सरपंच और सचिव पर मिलीभगत से बिना काम कराए तथा अधूरे कार्यों की पूरी राशि आहरित किए जाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने पूरे मामले का मौके पर भौतिक सत्यापन कराने और दोषी पाए जाने पर राशि की वसूली की मांग की है। शिकायत में गुलरिहा नाला में गैवियन संरचना के नाम पर 3.27 लाख, अगरहिया नाला में मिनी तालाब के लिए 8.87 लाख, छोटेलाल साकेत के खेत में लघु तालाब के लिए 1.93 लाख, शिवकुमार साकेत के खेत में 1.25 लाख व 1.80 लाख तथा रामाधार साकेत के खेत में 1.63 लाख रुपये आहरित किए जाने का उल्लेख है। ग्रामीणों का दावा है कि इनमें कई कार्य मौके पर हुए ही नहीं। वहीं नटवार गांव की अगरिहा नाला पर बने व्योम पाइप निर्माण बारिश में बह गया। फिलहाल इस पंचायत में दो-चार लाख रूपये की नही, बल्कि करोड़ों रूपये का खेल खेला किया गया है।
हरिजन बस्ती और कोहराडोल में तालाब निर्माण की जांच हो
ग्रामीणों का आरोप है कि इसके अलावा पंचायत भवन और मावि गड़वानी की बाउंड्रीवाल, आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 की बाउंड्रीवाल व शौचालय, गुलरिहा नाला की पुलिया, नटवार नाला का चेकडैम, टिंच निर्माण एवं पौधरोपण, नाडेप तथा हरिजन बस्ती और कोहराडोल में तालाब निर्माण की भी जांच की मांग की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आंगनवाड़ी की पहले से बनी बाउंड्रीवाल पर दोबारा काम दिखाकर 3.63 लाख रुपये निकाले गए। वहीं सरपंच के देवर से संबंधित बताए गए रतन ट्रेडर्स और भूपेन्द्र ट्रेडर्स के खातों में भुगतान की जांच तथा मजदूरी की राशि रिश्तेदारों के खातों में एकमुश्त भेजे जाने की भी जांच मांगी गई है। ग्रामीणों ने सरपंच, सचिव और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
