माड़ा में अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई

सिंगरौली : माड़ा थाना पुलिस ने ग्राम रजमिलान की गर्रा नदी से अवैध रूप से रेत निकालकर परिवहन किए जाने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक हाईवा वाहन को पकड़ा है। पुलिस ने वाहन से करीब 24 घनमीटर रेत जप्त की है। मामले में ग्राम शिवपहड़ी निवासी 22 वर्षीय पुष्पेंद्र रजक पिता नंदलाल रजक के खिलाफ अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार 27 सितंबर को एफआरवी ड्यूटी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि रजमिलान की गर्रा नदी से रेत लोड कर एक हाईवा कोयलखूंथ की ओर जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक शिवपूजन मिश्रा के निर्देश पर प्रआर संजीत कोल, आर अखिल साहू, धीरज सिंह और मनोज रावत रवाना हुए। रौंदी चौराहे पर ग्राम रजमिलान की ओर से आ रहे बिना नंबर के हाईवा को रोकने का प्रयास किया गया।

पुलिस को देखकर चालक भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछतांछ में चालक ने वाहन को मनोज शाह निवासी सिद्धीखुर्द का होना बताया। हाईवा में लोड रेत के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने सफेद आगे के हिस्से और नीली बॉडी वाले 12 चक्का हाईवा से करीब 45 हजार रुपये कीमत की 24 घनमीटर रेत तथा करीब 25 लाख रुपये कीमत का वाहन जप्त किया। कार्रवाई 28 सितंबर की रात 1:46 से 1:56 बजे के बीच की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 303(2), 317(5) बीएनएस एवं खान-खनिज अधिनियम की धारा 4/21 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक शिवपूजन मिश्रा, प्रआर संजीत कोल, रामसुख यादव तथा आर मनोज रावत, अखिल साहू और धीरज सिंह की भूमिका रही।

Next Post

पचखोरा मार्ग पर गड्ढों का जाल,चलना हुआ मुश्किल

Tue Sep 29 , 2026
सिंगरौली : ननि के वार्ड क्रमांक 30 में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से मध्यप्रदेश विद्युत मंडल दफ्तर तक जाने वाला पचखोरा मार्ग इन दिनों राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।सड़क की हालत इतनी खराब है कि यहां पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे […]

You May Like