
जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने रतलाम के 220 केवी सबस्टेशन में 38 वर्ष पुराने 160 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर को हटाकर 200 एमवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर ऊर्जीकृत किया है। थर्ड जेनरेशन तकनीक आधारित 220/132 केवी ट्रांसफार्मर लगने से सबस्टेशन की क्षमता बढ़ी है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने एमपी ट्रांसको के कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि इससे रबी सीजन में किसानों और अन्य उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति में मदद मिलेगी।
एमपी ट्रांसको के अधीक्षण अभियंता वायआर मांडलेकर ने बताया कि रतलाम में स्थापित यह प्रदेश का 19वां 200 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर है। मालवा क्षेत्र में इस क्षमता का यह पांचवां ट्रांसफार्मर है। इसके स्थापित होने के बाद रतलाम 220 केवी सबस्टेशन की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढ़कर 520 एमवीए हो गई है।
