पंचायत उप निर्वाचन के लिए मतदान 

सीधी। पंचायत उप निर्वाचन के लिए 29 सितम्बर को मतदान होगा। सेन्दुरा और खोखरा में सरपंच तथा रामपुर नैकिन के दो जनपद सदस्य क्षेत्रों में मतदान होगा। चुनाव सामग्री के साथ आज मतदान दल संबंधित मतदान केन्द्रों के लिये रवाना हुये।

पंचायत उप निर्वाचन वर्ष 2026 (पूर्वाद्र्ध) के तहत 29 सितंबर को होने वाले मतदान के लिए सोमवार को मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री वितरित कर संबंधित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया। मतदान दलों को संबंधित खंड मुख्यालयों से आवश्यक मतदान सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिसके बाद उन्हें विशेष वाहनों से निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए भेजा गया। जिले में जनपद पंचायत सीधी अंतर्गत ग्राम पंचायत सेन्दुरा एवं जनपद पंचायत कुसमी अंतर्गत ग्राम पंचायत खोखरा में सरपंच पद के लिए मतदान होगा। वहीं जनपद पंचायत रामपुर नैकिन अंतर्गत जनपद सदस्य निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 01 एवं 19 के लिए भी मतदान कराया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर को प्रात: 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। मतदान दलों को मतदान केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच, मतदान सामग्री की सुरक्षा एवं निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मतदान समाप्त होने के बाद मतदान दलों द्वारा निर्वाचन सामग्री संबंधित खंड मुख्यालयों में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा कराई जाएगी।

निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मतदाताओं से निर्धारित समय में अपने मतदान केन्द्र पहुंचकर निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की गई है। वहीं पंचायत उप निर्वाचन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल नियुक्त किये गये हैं साथ ही मतदान के दौरान मतदान केन्द्रों का निरीक्षण मोबाइल पार्टियों द्वारा भी किया जाता रहेगा।

मतदान दिवस पर संबंधित क्षेत्रों में रहेगा सार्वजनिक अवकाश

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत उप निर्वाचन 2026 पूर्वाद्र्ध के अंतर्गत जिले में 29 सितंबर को होने वाले मतदान के मद्देनजर संबंधित ग्राम पंचायतों एवं निर्वाचन क्षेत्रों में सामान्य अवकाश घोषित किया गया है। अवकाश का उद्देश्य संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं एवं निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े कर्मचारियों को मतदान के लिए आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराना तथा निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराना है। संबंधित ग्राम पंचायतों एवं निर्वाचन क्षेत्रों में यह अवकाश प्रभावी रहेगा।

Next Post

हत्या के आरोपियों को न्यायालय ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा

Mon Sep 28 , 2026
दमोह। न्यायालय उदय सिंह मरावी, विशेष न्यायाधीश (अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम) में आरोपी शुभम राठौर पिता परषोत्तम राठौर, आयु- 22 वर्ष व शोभित राठौर उर्फ कुक्की पिता दुलीचंद राठौर, आयु- 25 वर्ष दोनों निवासी- खजरी मोहल्ला, सिविल वार्ड नंबर-09, थाना- दमोह कोतवाली को न्यायालय द्वारा दोनों […]

You May Like